IND vs ENG: टीम इंडिया की गाड़ी पटरी से उतरी, 24 रन पर 4 विकेट… अचानक टूटा शुभमन गिल का सपना


Last Updated:

IND vs ENG 1st Test day 2: भारत ने लंच ब्रेक से पहले अपने आखिरी 4 विकेट महज 24 रन जोड़कर गंवा दिए. इससे टीम का स्कोर 7 विकेट पर 454 रन हो गया. भारतीय टीम ने एक समय 3 विकेट पर 430 रन बना लिए थे.

8 साल बाद टीम में लौटे करुण नायर बिना खाता खोले आउट हो गए.

IND vs ENG 1st Test: इंग्लैंड के खिलाफ पहले टेस्ट में 600 रन का सपना संजोने वाली टीम इंडिया की गाड़ी अचानक पटरी से उतर गई है. भारत ने पहले दिन की तरह दूसरे दिन भी बेहतरीन शुरुआत की और पहले घंटे में 13 ओवर में 53 रन ठोक दिए. एक समय उसका स्कोर 3 विकेट पर 430 रन था. कप्तान शुभमन गिल और ऋषभ पंत शतक मारकर जमे हुए थे. हर कोई मान रहा था कि भारत कम से कम 600 रन जरूर बनाएगा लेकिन लगता है अंग्रेज कप्तान बेन स्टोक्स को यह मंजूर नहीं है. उन्होंने 4 विकेट झटककर अपनी टीम की वापसी करा दी है. जब दूसरे दिन लंचब्रेक हुआ तो भारत 454 रन पर 7 विकेट गंवा चुका था. भारत ने लंच ब्रेक से पहले अपने आखिरी 4 विकेट महज 24 रन जोड़कर गंवा दिए.

भारत और इंग्लैंड के बीच 5 मैचों की सीरीज का पहला टेस्ट हेंडिग्ले, लीड्स में खेला जा रहा है. भारत ने मैच के पहले दिन शुक्रवार को 3 विकेट पर 359 रन बनाए. शनिवार को कप्तान शुभमन गिल और ऋषभ पंत ने टीम की पारी आगे बढ़ाई. गिल और पंत ने शनिवार को पहले घंटे के खेल में एक भी विकेट नहीं लेने दिया. इन दोनों ने शानदार बैटिंग जारी रखी. ऋषभ पंत ने अपने अर्धशतक को शतक में बदला. लेकिन शुभमन गिल अपने पहले दिन के स्कोर में 20 रन जोड़कर आउट हो गए. गिल की 147 रन की पारी को शोएब बशीर ने खत्म किया. यह शनिवार को भारत को लगा पहला और ओवरऑल चौथा झटका था.

शुभमन गिल जब आउट हुए तब भारत का स्कोर 430 रन था. भारत ने अगले 24 रन बनाने में तीन और विकेट गंवा दिए. आठ साल बाद टीम में लौटे करुण नायर बिना खाता खोले आउट हो गए. थोड़ी देर बाद ऋषभ पंत भी (134) जोश टंग की गेंद पर एलबीडब्ल्यू हो गए. लंच ब्रेक से ठीक पहले शार्दुल ठाकुर को बेन स्टोक्स ने चलता कर दिया.

लंच ब्रेक के बाद भी भारत की शुरुआत ठीक नहीं रही. जसप्रीत बुमराह ब्रेक के ठीक बाद बिना खाता खोले आउट हो गए. इस तरह भारत का स्कोर 8 विकेट पर 458 रन हो गया. इन झटकों ने शुभमन गिल का वह सपना लगभग तोड़ दिया है कि भारत उनकी कप्तानी में पहले ही मैच में 600 का स्कोर बनाएगा. गिल ने जब दूसरे दिन पहला घंटा आसानी से निकाल लिया था तब उनसे दोहरे शतक की उम्मीद भी की जा रही थी. यह उम्मीद भी पूरी नहीं हो पाई.

authorimg

विजय प्रभात शुक्लाAssociate Editor

दो दशक से पत्रकारिता में सक्रिय. अप्रैल 2020 से News18Hindi में बतौर एसोसिएट एडिटर स्पोर्ट्स की जिम्मेदारी. न्यूज18हिंदी से पहले दैनिक भास्कर, दैनिक जागरण, अमर उजाला अखबारों में पेज-1, खेल, देश-विदेश, इलेक्शन ड…और पढ़ें

दो दशक से पत्रकारिता में सक्रिय. अप्रैल 2020 से News18Hindi में बतौर एसोसिएट एडिटर स्पोर्ट्स की जिम्मेदारी. न्यूज18हिंदी से पहले दैनिक भास्कर, दैनिक जागरण, अमर उजाला अखबारों में पेज-1, खेल, देश-विदेश, इलेक्शन ड… और पढ़ें

homecricket

टीम इंडिया की गाड़ी पटरी से उतरी, 24 रन पर 4 विकेट… अचानक टूटा गिल का सपना



Source link

Leave a Comment