Last Updated:
Rajasthan New Chief Secretary : राजस्थान के नए मुख्य सचिव के रूप में वी. श्रीनिवास की नियुक्ति लगभग तय है, क्योंकि केंद्र ने उन्हें समय से पहले कार्यमुक्त करते हुए राज्य के लिए उपलब्ध करा दिया है. 1989 बैच के IAS अधिकारी श्रीनिवास लंबे समय तक केंद्र में अहम पदों पर रहे हैं और उन्हें दक्ष व ईमानदार अधिकारी माना जाता है. हाल ही में वे इंटरनेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ एडमिनिस्ट्रेटिव साइंसेज के अध्यक्ष चुने जाने वाले पहले भारतीय बने. उनकी नियुक्ति से राज्य प्रशासन को अनुभवी नेतृत्व और बेहतर समन्वय मिलने की उम्मीद है.
जयपुर. राजस्थान के नए मुख्य सचिव के रूप में वी. श्रीनिवास की नियुक्ति लगभग तय मानी जा रही है. केंद्र सरकार ने उन्हें समय से पहले कार्यमुक्त करने की सहमति दे दी है और अब उन्हें आधिकारिक रूप से राज्य के लिए उपलब्ध करा दिया गया है. इसके बाद राजस्थान सरकार मुख्य सचिव की नियुक्ति का औपचारिक आदेश जारी करेगी. अनुमान है कि वी. श्रीनिवास सोमवार तक या उससे पहले ही कार्यभार संभाल सकते हैं. इस फैसले के बाद नौकरशाही और राजनीतिक हलकों में चर्चा तेज हो गई है, क्योंकि श्रीनिवास लंबे समय से केंद्र में महत्वपूर्ण पदों पर काम करते रहे हैं और उन्हें बेहद दक्ष, ईमानदार तथा परिणाम देने वाले अधिकारी के रूप में जाना जाता है.
वी. श्रीनिवास 1989 बैच के भारतीय प्रशासनिक सेवा (IAS) के अधिकारी हैं और मूल रूप से तेलंगाना से आते हैं, जो उनके चयन के समय आंध्र प्रदेश का हिस्सा था. पिछले आठ वर्षों से वह दिल्ली में केंद्र सरकार के तहत काम कर रहे हैं. इस समय वे प्रशासनिक सुधार, लोक शिकायत और पेंशन विभाग (DARPG) में सचिव के रूप में सेवाएं दे रहे हैं. वह प्रधानमंत्री कार्यालय के भरोसेमंद अधिकारियों में गिने जाते हैं, जिस कारण उन्हें 5 से 14 सितंबर तक कार्मिक एवं प्रशिक्षण विभाग (DoPT) का अतिरिक्त प्रभार भी दिया गया था, जब विभाग के सचिव अवकाश पर थे. यह विभाग सीधे पीएमओ से प्रतिदिन जुड़ा रहता है, इसलिए इस जिम्मेदारी ने उनकी कार्यकुशलता और विश्वसनीयता को और अधिक साबित किया.
अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर भारत का नाम रोशन करने वाले पहले भारतीय
हाल ही में वी. श्रीनिवास ने एक ऐतिहासिक उपलब्धि हासिल की है. उन्हें इंटरनेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ एडमिनिस्ट्रेटिव साइंसेज (IIAS) का अध्यक्ष चुना गया है. सौ साल पुराने इस वैश्विक संस्थान में पहली बार किसी भारतीय को यह पद मिला है, जो भारतीय नौकरशाही के लिए गर्व का विषय है. श्रीनिवास 2025 से 2028 तक इस पद पर रहेंगे. इससे पहले 75 वर्षों में कोई भारतीय सिविल सेवक इस मुकाम तक नहीं पहुंच पाया था.
पी. वी. नरसिम्हा राव के परिवार से जुड़ाव, 2026 में रिटायर होंगे
वी. श्रीनिवास का संबंध पूर्व प्रधानमंत्री पी. वी. नरसिम्हा राव के परिवार से भी माना जाता है, जिससे उनकी पृष्ठभूमि और भी मजबूत मानी जाती है. वे सितंबर 2026 में सेवानिवृत्त होंगे. ऐसे में राजस्थान के मुख्य सचिव के रूप में उनकी नियुक्ति को राज्य प्रशासन के लिए अनुभव, ईमानदारी और मजबूत नेतृत्व का लाभ माना जा रहा है. उनकी कार्यशैली और केंद्र में निभाई गई जिम्मेदारियों को देखते हुए राज्य सरकार उनसे बेहतर प्रशासनिक समन्वय की उम्मीद कर रही है.
नाम है आनंद पाण्डेय. सिद्धार्थनगर की मिट्टी में पले-बढ़े. पढ़ाई-लिखाई की नींव जवाहर नवोदय विद्यालय में रखी, फिर लखनऊ में आकर हिंदी और पॉलीटिकल साइंस में ग्रेजुएशन किया. लेकिन ज्ञान की भूख यहीं शांत नहीं हुई. कल…और पढ़ें
नाम है आनंद पाण्डेय. सिद्धार्थनगर की मिट्टी में पले-बढ़े. पढ़ाई-लिखाई की नींव जवाहर नवोदय विद्यालय में रखी, फिर लखनऊ में आकर हिंदी और पॉलीटिकल साइंस में ग्रेजुएशन किया. लेकिन ज्ञान की भूख यहीं शांत नहीं हुई. कल… और पढ़ें

