Last Updated:
भरतपुर के युवा क्रिकेटर अव्यांश सिंह को इंग्लैंड में भारतीय टीम के नेट बॉलर के रूप में चुना गया है. अव्यांश ने काउंटी डिवीजन लीग में शानदार प्रदर्शन किया है. भरतपुर में जश्न का माहौल है.
अव्यांश सिंह
हाइलाइट्स
- अव्यांश सिंह इंग्लैंड में भारतीय टीम के नेट बॉलर बने.
- अव्यांश ने काउंटी डिवीजन लीग में शानदार प्रदर्शन किया.
- भरतपुर में अव्यांश की कामयाबी पर जश्न का माहौल.
भरतपुर:- भरतपुर के क्रिकेट प्रेमियों के लिए यह गर्व का क्षण है, जब जिले के युवा ऑलराउंडर खिलाड़ी अव्यांश सिंह को इंग्लैंड में भारतीय क्रिकेट टीम के नेट बॉलर के रूप में चुना गया है. अव्यांश न सिर्फ एक प्रतिभाशाली बल्लेबाज हैं, बल्कि एक कुशल राइट आर्म ऑफ स्पिन बॉलर भी हैं, जिन्होंने अपने दमदार प्रदर्शन से क्रिकेट जगत में अपनी अलग पहचान बनाई है.
पहले भी बन चुके हैं हिस्सा
भारतीय टीम का यह अभ्यास सत्र इंग्लैंड के बैकहम काउंटी क्रिकेट क्लब में आयोजित किया जा रहा है. गौरतलब है कि इससे पहले भी अव्यांश इंग्लैंड-ए टीम के साथ नेट बॉलर के रूप में अनुभव प्राप्त कर चुके हैं और राजस्थान के अंडर-23 टीम में भी प्रतिनिधित्व कर चुके हैं. यह उपलब्धि उनकी प्रतिभा और कड़ी मेहनत का प्रमाण है.अव्यांश की इस कामयाबी पर भरतपुर में जश्न का माहौल है.
उज्ज्वल भविष्य के लिए मिली शुभकामनाएं
जिला क्रिकेट संघ के कार्यालय में मिठाइयां बांटी गईं और उन्हें शुभकामनाएं दी गईं. इस मौके पर संघ के कार्यकारी अध्यक्ष विष्णु लोहिया, कोषाध्यक्ष मुनेंद्र तिवारी, संयुक्त सचिव अरुण कुमार गुप्ता, उपाध्यक्ष अजय कुमार, सदस्यगण रविंद्र कौमारियाँ, नाहर सिंह, विनोद शर्मा, सुमित अरोड़ा, राजकुमार जैन, त्रिलोकनाथ शर्मा सहित अनेक खेल प्रेमियों और वरिष्ठ खेल पत्रकार संजीव चीनिया ने अव्यांश को उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं. अव्यांश सिंह की यह उपलब्धि न केवल भरतपुर जिले के युवाओं के लिए प्रेरणा है, बल्कि यह दिखाती है कि अगर प्रतिभा के साथ मेहनत हो तो दुनिया का कोई भी मंच दूर नहीं है.