नीतीश कुमार के नाम ये खास रिकॉर्ड, लालू-राबड़ी सबको पीछे छोड़ चुके हैं मिस्टर सुशासन बाबू


पटना: बिहार चुनाव 2025 में 202 सीटों के साथ एनडीए की प्रचंड जीत के बाद नीतीश कुमार की मौजूदा सरकार के कैबिनेट की आखिरी बैठक हुई. इसके बाद जेडीयू के वरिष्ठ नेता विजय चौधरी ने कहा कि नये विधानसभा का गठन हो चुका है. चुनाव में तमाम विधायक नये सिरे से जीतकर आए हैं. इसलिए 19 नवंबर को विधानसभा और मौजूदा सरकार को भंग कर दिया जाएगा. इसके बाद नई सरकार के गठन की प्रक्रिया शुरू होगी. राजनीतिक गलियारों से अब तक मिली सूचनाओं को मानें तो नीतीश कुमार 10वीं बार बिहार के मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे. एनडीए के तमाम बड़े नेताओं जैसे चिराग पासवान, उपेंद्र कुशवाहा, जीतन राम मांझी समेत बीजेपी के केंद्रीय नेतृत्व भी नीतीश कुमार को ही मुख्यमंत्री पद की शपथ दिलाने को सहमति बना चुके हैं.

10वीं बार सीएम बनते ही नीतीश कुमार बनाएंगे खास रिकॉर्ड

नीतीश कुमार जैसे ही लगातार 10वीं बार मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे, वैसे ही उनके नाम एक खास रिकॉर्ड दर्ज हो जाएगा. नीतीश कुमार 20 साल से ज्यादा समय से बिहार के मुख्यमंत्री हैं, लेकिन उन्होंने इस दौरान कोई भी विधानसभा चुनाव नहीं लड़ा है. विधान परिषद का सदस्य रहते हुए नीतीश कुमार सबसे लंबे समय तक मुख्यमंत्री बनने वाले नेता हैं. राजनीति के नजरिए से देखें तो ये मिसाल है कि कोई नेता इतने समय से खुद चुनाव के मैदान में नहीं उतरा है फिर भी जनता का उनके ऊपर इतना भरोसा है. 20 साल सरकार चलाने के बाद भी नीतीश कुमार के नेतृत्व में 243 सीटों वाले बिहार में एनडीए ने 202 सीटों पर जीत दर्ज की है.

नीतीश कुमार ने जब-जब साल 2000 में कुछ दिनों के लिए मुख्यमंत्री बने तब वह बाढ़ संसदीय क्षेत्र से सांसद थे. हालांकि बहुमत का नंबर नहीं होने के चलते नीतीश कुमार को महज सात दिनों में कुर्सी छोड़नी पड़ी, इसलिए वह विधान सभा या विधान परिषद की सदस्यता नहीं ले पाए.

इसके बाद नीतीश कुमार नवंबर 2005 से अब तक लगातार (2014 में कुछ महीने के लिए जीतन राम मांझी सीएम कार्यकाल छोड़कर) बिहार के मुख्यमंत्री बने हैं, लेकिन उन्होंने अब तक कोई विधानसभा चुनाव नहीं लड़ा है. वह लगातार राज्य विधानमंडल के उच्च सदन के सदस्य के रूप में मुख्यमंत्री पद पर बने हैं.

बिहार में विधान परिषद सदस्य के रूप में अब तक 11 सीएम

  • महामाया प्रसाद सिन्हा: 05.03.1967 – 28.02.1968
  • विन्देश्वरी प्रसाद मंडल: 01.03.1968 – 22.03.1968
  • हरिहर प्रसाद सिन्हा: 26.02.1969 – 22.06.1969
  • अब्दुल गफूर: 02.07.1973 – 11.04.1975
  • जगन्नाथ मिश्र: 11.04.1975-30.04.1977, 08.06.1980-14.08.1983, 06.12.1989-10.03.1990
  • रामसुन्दर दास: 21.04.1979 – 17.02.1980, 08.05.1974 – 24.06.1977
  • भागवत झा आजाद: 14.02.1988 – 10.03.1989
  • सत्येन्द्र नारायण सिंह: 11.03.1989 – 06.12.1989
  • लालू प्रसाद यादव: 10.03.1990 – 28.03.1995, 04.04.1995 – 25.07.1997
  • राबड़ी देवी: 25.07.1997 – 11.02.1999, 09.03.1999 – 02.03.2000, 11.03.2000 – 06.03.2005
  • नीतीश कुमार: 03.03.2000-11.03.2000, 24.11.2005- (निरंतर जारी)

योगी आदित्यनाथ तोड़ेंगे नीतीश का रिकॉर्ड?

पड़ोसी राज्य उत्तर प्रदेश में विधान परिषद के सदस्य के तौर पर योगी आदित्यनाथ 2017 से 1022 तक मुख्यमंत्री रह चुके हैं. हालांकि वह 2022 के विधानसभा चुनाव में गोरखपुर नगर सीट पर एक लाख से ज्यादा वोटों से जीत दर्ज कर विधान सभा के सदस्य बन चुके हैं. उत्तर प्रदेश में योगी समेत अब तक सात नेता विधान परिषद का सदस्य रहते हुए मुख्यमंत्री बने. इनमें चंद्रभानु गुप्त, नारायण दत्त तिवारी, विश्वनाथ प्रताप सिंह, अखिलेश यादव, मायावती, राजनाथ सिंह जैसे राजनेता शामिल हैं.

बता दें कि देशभर में केवल छह राज्य आंध्र प्रदेश, बिहार, कर्नाटक, महाराष्ट्र, तेलंगाना और उत्तर प्रदेश में विधानसभा के साथ विधान परिषद है.

देश में लंबे समय तक मुख्यमंत्री कुर्सी संभालने वाले नेता

  • ज्योति बसु (पश्चिम बंगाल): 23 साल (21 जून 1977 – 5 नवंबर 2000)
  • गेगोंग अपांग (अरुणाचल प्रदेश): 22 साल (18 जनवरी 1980 – 19 जनवरी 1999; 3 अगस्त 2003 – 9 अप्रैल 2007)
  • लाल थनहवला (मिजोरम): 22 साल (5 मई 1984 – 21 अगस्त 1986; 24 जनवरी 1989 – 3 दिसंबर 1998; 11 दिसंबर 2008 – 15 दिसंबर 2018)
  • वीरभद्र सिंह (हिमाचल प्रदेश): 21 साल (8 अप्रैल 1983 – 5 मार्च 1990; 3 दिसंबर 1993 – 24 मार्च 1998; 6 मार्च 2003 – 30 दिसंबर 2007; 25 दिसंबर 2012 – 27 दिसंबर 2017)
  • माणिक सरकार (त्रिपुरा): 19 साल (11 मार्च 1998 – 9 मार्च 2018)
  • नीतीश कुमार (बिहार): 19 साल (3 – 11 मार्च 2000; 24 नवंबर 2005 – 20 मई 2014; 2 फरवरी 2015 – निरंतर)
  • एम करुणानिधि (तमिलनाडु): 18 साल (10 फरवरी 1969 – 31 जनवरी 1976; 27 जनवरी 1989 – 30 जनवरी 1991; 13 मई 1996 – 14 मई 2001; 13 मई 2006 – 16 मई 2011)
  • प्रकाश सिंह बादल (पंजाब): 18 साल (27 मार्च 1970 – 14 जून 1971; 20 जून 1977 – 17 फरवरी 1980; 12 फरवरी 1997 – 26 फरवरी 2002; 1 मार्च 2007 – 16 मार्च 2017)



Source link

Leave a Comment