Last Updated:
Haryana Weather: हरियाणा में ठंड ने जोर पकड़ लिया है. फरीदाबाद में रात का पारा नौ डिग्री तक पहुंच गया है और आने वाले दिनों में यह आठ डिग्री तक गिरने की उम्मीद है. सुबह-शाम चल रही तेज़ हवाएं सर्दी बढ़ा रही हैं. मौसम विभाग ने लोगों को सतर्क रहने और किसानों को फसलों की विशेष देखभाल की सलाह दी है.
फरीदाबाद: उत्तर भारत में ठंड ने अब दस्तक दे दी है और हरियाणा इसका साफ़ असर महसूस कर रहा है. सुबह-शाम ठंडी हवा चुभने लगी है और रात का पारा लगातार नीचे जा रहा है. अभी एक हफ्ता पहले तक जहां करनाल, हिसार, महेंद्रगढ़ और नारनौल जैसे कुछ ही शहरों में न्यूनतम तापमान 10 डिग्री से नीचे था वहीं अब हालात बदल चुके हैं. राज्य के करीब दर्जनभर शहरों में रातें और ज्यादा सर्द हो रही हैं. मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि अगले कुछ दिनों तक इसी तरह गिरावट जारी रहने की संभावना है.
मौसम विभाग के मुताबिक 18 नवंबर तक प्रदेश में आसमान साफ़ रहेगा और हवाएं सूखी चलेंगी. इसी कारण रात के पारे में और गिरावट हो सकती है. हालांकि 19 नवंबर को पश्चिमी विक्षोभ का हल्का असर देखने को मिलेगा, जिससे आसमान में बादल छाने की उम्मीद है. बादलों की वजह से रात का तापमान थोड़ा बढ़ सकता है, लेकिन दिन के समय ठंड और महसूस होगी. उत्तरी और उत्तर-पश्चिमी दिशा से चलने वाली हवाएं मौसम को और ठंडा कर सकती हैं. पहाड़ी इलाकों में बर्फबारी होने की संभावना भी जताई जा रही है. जिसका असर मैदानी इलाकों के मौसम पर भी दिख सकता है. ऐसे में सुबह-शाम धुंध बढ़ने की पूरी आशंका है.
कृषि मौसम विशेषज्ञ डॉ. मदन खीचड़ ने किसानों को सलाह देते हुए कहा कि गेहूं की बिजाई में अब देरी न करें और इसे जल्द पूरा कर लें. उन्होंने यह भी कहा कि सरसों की फसल में इस मौसम में बीमारियों का खतरा बढ़ जाता है. इसलिए किसान कृषि वैज्ञानिकों से सलाह लेकर समय पर दवाइयों का छिड़काव करें, ताकि फसल सुरक्षित रहे.
अब अगर बात करें फरीदाबाद की तो यहां पिछले 24 घंटों में हल्की धूप जरूर निकली, लेकिन करीब 12 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चलती हवा ने सर्दी का अहसास बढ़ा दिया. रात का तापमान लगभग 9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो सामान्य से काफी कम है. मौसम विभाग द्वारा जारी अनुमान बताता है कि 16 से 21 नवंबर के बीच यहां ठंड और तेज़ होगी. इस दौरान न्यूनतम तापमान 8 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है. दिल्ली-एनसीआर के कई हिस्सों में भी पारा इसी स्तर तक गिरने की उम्मीद है.
कुल मिलाकर आने वाला सप्ताह हरियाणा और फरीदाबाद के लिए और ज्यादा ठंड लेकर आने वाला है. लोगों को सुबह-शाम सतर्क रहने और गर्म कपड़ों का इस्तेमाल बढ़ाने की सलाह दी जा रही है. वहीं किसानों के लिए यह समय अपनी फसलों की संभाल करने का है.
पिछले एक दशक से अधिक समय से पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय हूं. 2010 से अपने पत्रकारिता करियर की शुरुआत की, जिसके बाद यह सफर निरंतर आगे बढ़ता गया. प्रिंट, टीवी और डिजिटल-तीनों ही माध्यमों में रिपोर्टिंग से ल…और पढ़ें
पिछले एक दशक से अधिक समय से पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय हूं. 2010 से अपने पत्रकारिता करियर की शुरुआत की, जिसके बाद यह सफर निरंतर आगे बढ़ता गया. प्रिंट, टीवी और डिजिटल-तीनों ही माध्यमों में रिपोर्टिंग से ल… और पढ़ें